यूक्रेन पर रूस के आक्रमण के जवाब में तुर्की मॉन्ट्रो कन्वेंशन को लागू कर रहा है, जो उसे भूमध्य सागर और काला सागर के बीच रूसी युद्धपोतों की आवाजाही को सीमित करने की शक्ति देता है…
- तुर्की, आधिकारिक रूप से रूसी आक्रमण को युद्ध की मान्यता देगा, जिससे सैन्य पोतों के संबंध में इस कन्वेंशन को लागू किया जा सकेगा। हालाँकि, तुर्की रूसी युद्धपोतों को इस समझौते के तहत अपने पंजीकृत ठिकाने पर लौटने से नहीं रोक सकता है।
- यह कन्वेंशन काला सागर और भूमध्य सागर के बीच रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण जलडमरूमध्य ‘बोस्पोरस’ और ‘डार्डानेल्स’ को नियंत्रित करने वाला एक अंतर्राष्ट्रीय समझौता है, जो 20 जुलाई, 1936 को स्विट्जरलैंड के मॉन्ट्रो पैलेस में हस्ताक्षरित हुआ था। इस संधि के अनुसार तुर्की को बोस्पोरस और डार्डानेल्स जलडमरूमध्य दोनों पर नियंत्रण का अधिकार दिया गया है।

- बोस्पोरस और डार्डानेल्स, जिसे तुर्की जलडमरूमध्य या काला सागर जलडमरूमध्य के रूप में भी जाना जाता है, एजियन सागर और काला सागर को मरमारा सागर के माध्यम से जोड़ता है। बोस्पोरस काला सागर को मरमारा सागर जबकि डार्डानेल्स एजियन सागर को मरमारा सागर से जोड़ता है।
- विदित है कि दैनिक वैश्विक आपूर्ति का लगभग तीन प्रतिशत तेल (तीन मिलियन बैरल), जो ज्यादातर रूस, अजरबैजान और कजाकिस्तान में उत्पादित होता है, इस जलमार्ग से होकर गुजरता है। यह काला सागर तट से यूरोप और बाकी दुनिया में बड़ी मात्रा में लोहा, इस्पात और कृषि उत्पादों को भेजने का महत्त्वपूर्ण मार्ग है।
