लोकप्रिय कथक नर्तक पंडित बृजमोहन मिश्र (चर्चित नाम बिरजू महाराज) का रविवार की देर रात 83 वर्ष की आयु में निधन हो गया।
बिरजू महाराज के पिता अच्छन महाराज और चाचा शम्भू महाराज का नाम देश के प्रसिद्ध कत्थक कलाकारों में शामिल था।
पंडित बिरजू महाराज कथक नृत्य के लखनऊ कालिका-बिन्दादिन घराने के प्रसिद्ध नर्तक थे। इन्होने मात्र 13 वर्ष की आयु में ही नई दिल्ली के संगीत भारती में नृत्य करियर की शुरुआत कर दी थी।
इसके बाद इन्होंने संगीत नाटक अकादमी कत्थक केन्द्र में शिक्षण कार्य आरम्भ किया। यहां ये संकाय के अध्यक्ष तथा निदेशक भी रहे। सेवानिवृत्त होने के पश्चात इन्होंने कत्थक हेतु दिल्ली में एक नृत्य विद्यालय ‘कलाश्रम’ की स्थापना भी की।
बिरजू महाराज को नृत्य कला के क्षेत्र में महत्त्वपूर्ण योगदान हेतु पद्म विभूषण, संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार तथा कालिदास सम्मान से सम्मानित किया जा चुका है।
