भारत की प्रमुख सैन्य अनुसंधान और विकास एजेंसी, रक्षा अनुसंधान विकास संगठन (डीआरडीओ) अगले साल जनवरी से मार्च तक ओडिशा के वीलर आइलैंड में अपने मिसाइल की टेस्टिंग नहीं करेगा।
यह फैसला इसलिए लिया गया है, ताकि ओलिव रिडले कछुओं को परेशानी न हो। दरअसल यह समय ओलिव रिडले समुद्री कछुओं के बड़े पैमाने पर प्रजनन का मौसम होता है।
डीआरडीओ ओलिव रिडले की सुरक्षा के लिए वन विभाग के साथ बेहतर समन्वय के लिए एक नोडल अधिकारी को भी नामित करेगा।
छह जिलों गंजम, पुरी, जगतसिंहपुर, केंद्रपाड़ा, भद्रक और बालासोर के कलेक्टरों और एसपी को वार्षिक कछुआ संरक्षण अभियान के लिए वन विभाग के साथ समन्वय करने के लिए भी कहा गया है।
गंजम जिले में लगभग 6.6 लाख समुद्री कछुए भी घोंसले बनाते हैं। ओडिशा सरकार ने पहले ही 1 नवंबर से 31 मई तक तट के उस हिस्से में मछली पकड़ने पर प्रतिबंध लगा दिया है।

