हाल ही में, दक्षिण कोरियाई शोधकर्ताओं ने यह दावा किया है कि उनके द्वारा विकसित लेड-आधारित यौगिक ने सामान्य दबाव की स्थिति में कमरे के तापमान पर सुपरकंडक्टिंग गुण दिखाए हैं।
यह लेड-आधारित यौगिक कॉपर-डोप्ड लेड एपेटाइट है, जो एक प्रकार का फॉस्फेट खनिज है। इसे LK-99 नाम दिया गया है।
क्या है सुपरकंडक्टर
सुपरकंडक्टर या अतिचालकता उस स्थिति को संदर्भित करती है जिसमें कोई पदार्थ विद्युत प्रवाह के लिए शून्य, या लगभग-शून्य प्रतिरोध प्रदान करती है।
अभी तक, अतिचालकता केवल बहुत कम तापमान (-268 डिग्री सेल्सियस) पर ही प्राप्त की जा सकती है। सुपर कंडक्टिव गुणों को दिखाने के लिए खोजा गया पहला पदार्थ पारा था , जो शून्य से करीब 270 डिग्री सेल्सियस नीचे सुपरकंडक्टर बन जाता है।
आमतौर पर सुपरकंडक्टर्स के रूप में उपयोग की जाने वाली अधिकांश अन्य पदार्थों – लेड, एल्यूमीनियम, टिन, नाइओबियम और कई अन्य भी अति निम्न तापमान पर सुपरकंडक्टिंग बन जाती हैं, जिन्हें क्रांतिक ताप कहा जाता है।
सुपरकंडक्टर की आवश्यकता क्यों
करंट और कुछ नहीं बल्कि आवेशित कणों, ज्यादातर मामलों में इलेक्ट्रॉनों की एक विशेष दिशा में गति है। जब इलेक्ट्रॉन गति करते हैं, तो वे पदार्थ में अन्य परमाणुओं से टकराते हैं और प्रतिरोध पैदा होता है।
इस प्रतिरोध से बिजली संयंत्रों में उत्पादित बिजली की एक महत्वपूर्ण मात्रा ट्रांसमिशन में नष्ट हो जाती है।
अत्यधिक कुशल विद्युत उपकरण (सुपरकंडक्टर आधारित) के द्वारा विद्युत प्रतिरोध को समाप्त किया जा सकता है, जिससे बिजली केबलों में ट्रांसमिशन हानि को दूर किया जा सकता है, और बड़े पैमाने पर लाभ प्राप्त किया जा सकता है।
सुपरकंडक्टिंग सामग्री चुंबकीय क्षेत्र के तहत बहुत दिलचस्प व्यवहार दिखाती है जो एमआरआई स्कैन मशीन और सुपरफास्ट मैग्लेव ट्रेनों जैसी प्रणालियों के विकास को नई दिशा दे सकती हैं।

